Saturday, 7 Mar 2026

हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस, सांसद रूपकुमारी चौधरी ने फहराया तिरंगा

महासमुंद। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के पश्चात राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का भावपूर्ण गायन किया गया। इसके उपरांत सांसद श्रीमती चौधरी ने हर्ष और उल्लास के प्रतीक तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े।

सांसद श्रीमती चौधरी ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। मंच पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह में 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, सीनियर एवं जूनियर डिवीजन एनसीसी, एनएसएस महाविद्यालय एवं विद्यालय, स्काउट, गाइड तथा रेडक्रॉस की टुकड़ियों द्वारा अनुशासित मार्चपास्ट एवं सलामी दी गई, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने जिले के शहीदों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा को नमन किया।

कार्यक्रम में जिले के 16 विद्यालयों के 1000 छात्र-छात्राओं द्वारा ऊर्जावान सामूहिक पी.टी. प्रदर्शन किया गया। वहीं 6 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पुलिस विभाग द्वारा “कहो नशे को अलविदा” विषय पर विशेष प्रस्तुति देकर नशामुक्ति का सशक्त संदेश दिया गया।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों वन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, जल संसाधन, मछली पालन, आदिवासी विकास, पशुपालन, पीएचई, क्रेडा/विद्युत, कृषि एवं खाद्य विभाग द्वारा शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की आकर्षक एवं जीवंत झांकियों का प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा पुलिस विभाग सहित जिला प्रशासन के 21 विभागों के 109 अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर परेड कमांडर श्रीमती दीप्ति कश्यप एवं सहायक उपनिरीक्षक साइमा अम्बिलकर को मोमेंटो एवं कप प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रेखराज शर्मा एवं सुरेन्द्र माणिकपुरी ने किया।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545