Sunday, 8 Mar 2026

शहर में 8 मार्च से बिना हेलमेट चलाने पर कैमरे से कटेगा ई-चालान

AI तकनीक से होगी रियल टाइम निगरानी, एक सप्ताह के ट्रायल में 3700 से अधिक उल्लंघनकर्ता चिन्हित

महासमुंद। शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अब महासमुंद टाउन क्षेत्र में दोपहिया वाहन चालक के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए जाने पर 8 मार्च 2026 से कैमरा आधारित ई-चालान की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शहर में लगे कैमरों के माध्यम से ITMS जैसी व्यवस्था लागू की जा रही है। इसमें एआई (AI) टूल्स की मदद से रियल टाइम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान की जाएगी। कैमरे हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ वाहन नंबर को भी स्वतः पहचान कर ई-चालान जारी करेंगे।

पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह से इस व्यवस्था का ट्रायल चल रहा था। ट्रायल के दौरान करीब 3700 नियम उल्लंघनकर्ताओं की पहचान की गई, जिनमें लगभग 1100 ऐसे वाहन चालक पाए गए जो एक से अधिक बार बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए कैमरों में कैद हुए। फिलहाल उन्हें एक अवसर दिया जा रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “जीरो फ्रिक्शन, मैक्सिमम एक्शन” के तहत अब बिना पुलिस से उलझे सीधे तकनीक के माध्यम से चालानी कार्रवाई की जाएगी। ई-चालान का मैसेज वाहन मालिक के मोबाइल पर भेजा जाएगा, जिसमें भुगतान के लिए ऑनलाइन लिंक भी उपलब्ध रहेगा। यदि 90 दिनों के भीतर चालान का भुगतान नहीं किया गया तो प्रकरण स्वतः न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

जिला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 में जिले में हुई 476 सड़क दुर्घटनाओं में 327 लोगों की मौत हुई थी। इनमें से 297 मौतें दुर्घटना के समय हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से हुईं। वहीं वर्ष 2026 के पहले दो माह में हुई 37 दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मृत्यु हुई, जिनमें से 20 मामलों में हेलमेट नहीं पहनना प्रमुख कारण पाया गया।

पुलिस द्वारा लगातार साप्ताहिक हाट-बाजार, स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद शहर में बड़ी संख्या में लोग बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए जा रहे हैं।

पुलिस ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से भी यातायात नियमों के पालन के लिए जनजागरूकता फैलाने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही बताया गया है कि अप्रैल महीने से सरायपाली, बसना और बागबाहरा में भी कैमरा आधारित ई-चालान व्यवस्था लागू की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से दोपहिया वाहन लेकर निकलते समय हेलमेट अवश्य पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545