अंतर राशि आहरण के लिए किसानों से वसूली का आरोप, दिनभर धूप में परेशान हो रहे किसान
बागबाहरा/महासमुंद। कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने किसानों को मिलने वाली अंतर राशि के आहरण में अव्यवस्था और कथित वसूली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बदलने के बाद किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अंकित ने आरोप लगाया कि किसानों को अपने ही मेहनत की कमाई निकालने के लिए जिला सहकारी बैंक शाखाओं के बाहर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सुबह से पहुंचे किसान देर शाम तक धूप में बैठे रहते हैं, लेकिन पर्याप्त नकदी उपलब्ध नहीं होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। कई किसानों ने यह भी शिकायत की है कि पैसे निकालने के एवज में उनसे कमीशन की मांग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बैंक शाखाओं के बाहर किसानों के लिए बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। विशेषकर महिला किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैठने के लिए न तो दरी की व्यवस्था है और न ही शौचालय की सुविधा उपलब्ध है, जिससे उन्हें जमीन पर बैठकर इंतजार करना पड़ता है।
अंकित बागबाहरा ने कहा कि एक ओर सरकार किसानों को राशि देने का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर किसान भारी परेशानियों से गुजर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिले की सभी बैंक शाखाओं में किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त नकदी की व्यवस्था की जाए तथा छांव, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान अंकित बागबाहरा ने बैंक के बाहर मौजूद किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें शीतल पेय वितरित किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।



