Wednesday, 10 Jun 2026

बिना अनुमति रातों-रात कटाई का दावा, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं; उच्चस्तरीय जांच की मांग

ओपन स्टेडियम निर्माण में सैकड़ों पेड़ों की कटाई का आरोप, इमारती लकड़ी गायब

 बागबाहरा। खेमराज लक्ष्मीचंद कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, बागबाहरा परिसर में निर्माणाधीन ओपन स्टेडियम को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। सामाजिक एवं आरटीआई कार्यकर्ता पंकज साहू ने आरोप लगाया है कि महाविद्यालय परिसर में मौजूद सैकड़ों की संख्या में साजा, तेंदू, सरई, सागौन और परसा जैसे कीमती एवं विशाल वृक्षों को बिना किसी एनओसी और वैधानिक अनुमति के रातों-रात कटवा दिया गया।

पंकज साहू के अनुसार, इस कथित अवैध कटाई की जानकारी उन्होंने मोबाइल के माध्यम से लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, जिनमें अधिकारी चंद्राकर एवं एसडीओ नरेश साहू शामिल हैं, को दी थी। इसके बावजूद न केवल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि शिकायत के बाद रहस्यमय तरीके से कटे हुए कीमती इमारती लकड़ियों को भी परिसर से गायब कर दिया गया।

आरोप है कि इस पूरे मामले में पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाते हुए ठेकेदार को लाभ पहुंचाया गया है। वहीं, जब इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य से चर्चा की गई तो उन्होंने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए निर्माण कार्य से जुड़े विभाग और इंजीनियरिंग विंग को जिम्मेदार बताया।

पंकज साहू ने कहा है कि उन्होंने सैकड़ों पेड़ों की कटाई और लकड़ी के गोलों को गायब किए जाने की सूचना संबंधित विभाग को पहले ही दे दी थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जांच नहीं हुई तो वे इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में करेंगे।

मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, साथ ही पर्यावरण क्षति का आकलन कर उचित दंड सुनिश्चित किया जाए।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!