Thursday, 28 May 2026

मखाना उत्पादन इकाई में छात्रों ने लिया व्यावहारिक प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकों की मिली जानकारी

महासमुंद। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा (जिला महासमुंद) के लगभग 55 छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत ग्राम लिंगाडीह, आरंग (जिला रायपुर) स्थित दाऊजी मखाना प्रोसेसिंग एवं प्रोडक्शन यूनिट का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों को मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

भ्रमण के दौरान छात्रों ने मखाना खेती के विभिन्न तकनीकी पहलुओं जैसे उपयुक्त जलवायु, तालाब/खेत की तैयारी, उन्नत बीज चयन, बुवाई विधि, जल प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण तथा खाद एवं उर्वरक प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही कटाई उपरांत प्रसंस्करण, भंडारण, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग की प्रक्रियाओं को भी करीब से समझा।

यूनिट में विशेषज्ञ संजय नामदेव द्वारा विद्यार्थियों को आधुनिक उत्पादन तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, मूल्य संवर्धन (Value Addition) और विपणन प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने मखाना आधारित उद्यम स्थापित करने के व्यावहारिक पहलुओं पर भी मार्गदर्शन दिया।

छात्रों ने भ्रमण के दौरान विभिन्न मशीनों एवं उपकरणों के संचालन को प्रत्यक्ष देखा और उत्पादन से लेकर बाजार तक की पूरी श्रृंखला को समझा। इससे उनमें कृषि के प्रति व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित हुआ और कृषि आधारित उद्योगों की संभावनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी।

इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उन्हें कृषि आधारित स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से प्रश्नोत्तर के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। इस अवसर पर मार्गदर्शन हेतु डॉ. ओकेश चंद्राकर, डॉ. शांता साहू एवं डॉ. आदित्य शुक्ला उपस्थित रहे।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!