Sunday, 9 Aug 2026

तिरंगे की शान के साथ दिखी भारत की विविधता, व्यंजनों से दिया संतुलित आहार का संदेश

सेजेस हिंदी आदर्श विद्यालय में बैगलेस डे पर तिरंगा रैली, विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन

महासमुंद। सेजेस हिंदी आदर्श विद्यालय महासमुंद में शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति और संतुलित आहार पर आधारित विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया, वहीं विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा और व्यंजनों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य तिरंगा रैली से हुई। विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान “अनेकता में एकता, भारत की विशेषता”, “जय हिंद” और “तिरंगे झंडे की जय” जैसे नारों से विद्यालय परिसर और आसपास का वातावरण देशभक्तिमय हो गया।

इसके बाद पाठ्यपुस्तक ‘जिज्ञासा’ के ‘उचित आहार’ पाठ को गतिविधि आधारित और रोचक बनाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा, खान-पान और व्यंजनों का प्रदर्शन किया। बच्चों ने व्यंजनों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों तथा उनके स्वास्थ्यवर्धक महत्व की जानकारी भी दी।

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों चेटरी, खुरमी, पिलिया, चौसेला, अइरसा, चिला और फरा के साथ बिहार की लिट्टी-चोखा, गुजरात का ढोकला, महाराष्ट्र का पोहा-जलेबी, राजस्थान की कचौड़ी, पंजाब की लस्सी, सरसों का साग व आलू का पराठा तथा तमिलनाडु के डोसा, इडली, सांभर और नारियल चटनी को विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया। इससे बच्चों ने अलग-अलग राज्यों की खाद्य संस्कृति को करीब से समझा।

कार्यक्रम में भेल और अंकुरित बीजों से तैयार भेल का भी प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा आम, सेब, चुकंदर, ड्रैगन फ्रूट और अनार जैसे फल-सब्जियों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों की जानकारी विद्यार्थियों ने रोचक तरीके से साझा की।

इस अवसर पर डाइट व्याख्याता टेकराम सेन, शाला प्राचार्य संध्या चंद्राकर, शिक्षिका दुर्गा डडसेना, आशीष भाई गोलछा तथा शिक्षिका एवं स्काउट गाइड ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती लता वैष्णव उपस्थित रहे। अतिथियों एवं पालकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत व्यंजनों का स्वाद लिया और उनसे खाद्य पदार्थों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों से जुड़े सवाल भी पूछे। कार्यक्रम में प्रधान पाठक भगोली साहू, जगन्नाथ साहू, भारती सोनी, पूर्णिमा साहू, कमलेश चंद्राकर, मनोज साहू, वसीका माहेश्वरी, शाला विकास समिति अध्यक्ष प्रीति साहू सहित पालकगण उपस्थित रहे।

बैगलेस डे के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक खान-पान, संतुलित एवं पौष्टिक आहार और राष्ट्रीय एकता के महत्व को गतिविधियों के जरिए समझा। कार्यक्रम बच्चों के लिए शिक्षा, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और देशभक्ति का अनूठा संगम बनकर सामने आया।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!