महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो मुख्य आरोपी और तीन सह-आरोपी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, महासमुंद से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले की सूचना मिलते ही बसना पुलिस हरकत में आई और बिना समय गंवाए आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस की सक्रियता का नतीजा यह रहा कि 12 घंटे के भीतर सभी पांच आरोपी गिरफ्त में आ गए। सभी के विरुद्ध बलात्कार और पॉक्सो (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण) अधिनियम की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामला न केवल नाबालिग के साथ दुष्कर्म का है, बल्कि इसमें पीड़िता को डरा-धमकाकर वसूली करने की बात भी सामने आई है। इसी कारण दुष्कर्म और पॉक्सो के साथ-साथ एक्सटॉर्शन से जुड़े पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर कड़ी को बारीकी से खंगाला जा रहा है, ताकि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।
पीड़िता की उम्र और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी है। पॉक्सो अधिनियम के तहत पीड़िता या उसके परिवार की पहचान उजागर करना कानूनन दंडनीय अपराध है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कानूनी कार्यवाही और अग्रिम विवेचना जारी है। आगे की जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध मजबूत साक्ष्य के साथ न्यायालय में चालान पेश किया जाए, ताकि उन्हें कठोर से कठोर सजा मिल सके और दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।


