Thursday, 20 Aug 2026

नकली पनीर की शिकायत पर वैद्या फूड प्रोडक्स में छापेमारी, 300 किलो पनीर सील

महासमुंद। शहर के भलेसर रोड स्थित  वैद्या फूड प्रोडक्स में नकली पनीर बनाए जाने की शिकायत के बाद राजस्व एवं फूड एंड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने बीती रात दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने फैक्टरी में पहुंचकर वहां तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों और पनीर की जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 300 किलो पनीर को सील किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से संबंधित विभाग को वैद्य फूड में नकली पनीर तैयार किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर राजस्व और फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से फैक्टरी में जांच की। टीम ने मौके पर मौजूद पनीर और अन्य सामग्री की जांच करने के साथ आवश्यक दस्तावेजों और खाद्य पदार्थों की स्थिति का भी जायजा लिया।

राज्य में एनालॉग यानी नकली पनीर पर प्रतिबंध के बाद महासमुंद जिले में हुई इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान प्रारंभिक जांच में किसी विशेष प्रकार के नकली पनीर मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग द्वारा जांच के लिए पनीर के नमूने लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। अब इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पनीर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं।

300 किलो पनीर किया गया सील

छापेमारी के दौरान करीब 300 किलो पनीर को सील किया गया है। विभागीय अधिकारियों की ओर से लिए गए नमूनों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पनीर को सील किए जाने से मामला जांच के दायरे में आ गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की अगली तस्वीर साफ होगी।

संचालक ने कहा- जांच में नहीं मिला नकली सामान

इधर, वैद्य फूड के संचालक शोभित सिंह ने बताया कि बीती रात राजस्व विभाग और फूड एंड सेफ्टी की टीम ने फैक्टरी में दबिश दी थी। उनके अनुसार टीम ने मौके पर जांच की, लेकिन किसी भी तरह का नकली सामान नहीं पाया गया है। संचालक का कहना है कि विभाग द्वारा की गई जांच में सहयोग किया गया है और जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले में विभागीय जांच और सैंपल रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाए जाते हैं तो संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, रिपोर्ट में पनीर सही पाए जाने पर कार्रवाई को लेकर स्थिति भी स्पष्ट होगी। ऐसे में अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!