Friday, 25 Sep 2026

तुमगांव में सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम

तुमगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तुमगांव में आज सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव और नशे से दूर रहने की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में नागेंद्र दुबे एवं नीलांबर कन्नौजे ने विद्यार्थियों को संक्षिप्त और उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा मोबाइल फोन के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर दिया। साइबर सुरक्षा के तहत अनजान लिंक, फर्जी कॉल और ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई। नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया। नगर पंचायत के मुख्य नगर पंचायत अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया और समाज में सुरक्षा व जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य देवेंद्र कुमार निर्मलकर, प्रधानाचार्य विजय कुमार निर्मलकर, वरिष्ठ आचार्य आत्माराम नायक, श्रीमती सुनीता साहू, चित्रलेखा साहू, शांति ढीढी, दामनी निषाद, लक्ष्मी ध्रुव, गंगा यादव, भावनी निषाद और कामिनी आवडे सहित विद्यालय के सभी आचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आचार्य रामेश्वर साहू ने किया।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!