चार स्थानों पर एक साथ छापेमारी, 63,820 रुपये नकद, 11 बाइक और 19 मोबाइल जब्त; 3.87 लाख रुपये से अधिक जप्त
महासमुंद। दीपावली के त्योहार के बीच जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर और आसपास के इलाकों में संचालित चार अलग-अलग जुए के फड़ों पर पुलिस ने एक साथ दबिश देकर कुल 30 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 63 हजार 820 रुपये नकद, 11 मोटरसाइकिल, 19 मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 3 लाख 87 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दीपावली के दौरान जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर थाना महासमुंद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।
पहली कार्रवाई वार्ड क्रमांक 02 इमलीभांठा में की गई, जहां जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से 37 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल और दो मोटरसाइकिल सहित करीब 1 लाख 17 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। दूसरी कार्रवाई ग्राम खैरा के शिव चौक के पास हुई। यहां छह जुआरियों को पकड़कर 3 हजार 250 रुपये नकद और पांच मोबाइल सहित करीब 23 हजार 250 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। तीसरी कार्रवाई ग्राम बेमचा में खल्लारी मंदिर के पास की गई, जहां सात जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़े। इनके कब्जे से 21 हजार 480 रुपये नकद और चार मोबाइल सहित करीब 41 हजार 480 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं चौथी कार्रवाई महासमुंद के गुडरूपारा तालाब किनारे हुई। यहां सबसे अधिक 11 जुआरी पकड़े गए। पुलिस ने इनके पास से 2 हजार 190 रुपये नकद, छह मोबाइल और नौ मोटरसाइकिल सहित करीब 2 लाख 6 हजार 190 रुपये की संपत्ति जब्त की।
चारों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) तथा संबंधित मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में जुआ-सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दीपावली के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि इन चार ठिकानों पर कार्रवाई के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित अन्य जुए के अड्डों पर पुलिस की कार्रवाई कितनी प्रभावी रहती है। महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई में थाना महासमुंद पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।



