जांजगीर-चांपा निवासी पंचराम निषाद को सरायपाली से पुलिस ने पकड़ा, तीन फरार बंदियों की तलाश जारी
महासमुंद। जिला जेल महासमुंद से फरार हुए चार बंदियों में से पुलिस ने एक बंदी को गिरफ्तार कर लिया है। जांजगीर-चांपा निवासी पंचराम पिता गणेश राम निषाद को पुलिस ने सरायपाली क्षेत्र से पकड़ लिया। पंचराम चोरी के आरोप में पिछले कुछ महीनों से महासमुंद जिला जेल में बंद था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं अब फरार तीन अन्य बंदियों की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार 16 नवंबर की अलसुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच महासमुंद जिला जेल में बंद चार बंदी जेल की 20 फीट से अधिक ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इसके बाद पुलिस ने फरार बंदियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई थीं। फरार हुए चार बंदियों में दो मध्यप्रदेश, एक राजस्थान और एक जांजगीर-चांपा का निवासी था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जांजगीर-चांपा निवासी पंचराम निषाद को सरायपाली से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मध्यप्रदेश और राजस्थान के रहने वाले तीन अन्य फरार बंदियों की तलाश अभी जारी है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार बंदी से पूछताछ कर फरार हुए अन्य तीन बंदियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार तीनों बंदियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए तलाश अभियान जारी है।



