Tuesday, 13 Oct 2026

महासमुंद में 560 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल चेकपोस्ट के पास नाकेबंदी कर 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि आयशर माजदा प्रो 3015 वाहन क्रमांक MH 18 BG 7546 में गांजे की खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने NH-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ के दौरान दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने वाहन में गांजा होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। इस दौरान वाहन के डाले में कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में 35 किलोग्राम गांजा भरा था। इस तरह कुल 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में गांजा ओडिशा के बरहामपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव जिले ले जाने की बात बताई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष), निवासी सोनबरक्षी, थाना एरंडोल, जिला जलगांव तथा स्वराज महाजन (25 वर्ष), निवासी कसोदा आडगांव, थाना कसोदा, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गांजा परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 560 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये है, तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है, तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये है। इस मामले में थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!