Thursday, 19 Nov 2026

बागबाहरा से सोमनाथ-नागेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं को जनपद अध्यक्ष व जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

बागबाहरा। तीर्थ यात्रा योजना के तहत जनपद पंचायत बागबाहरा की ओर से श्रद्धालुओं का जत्था गुजरात स्थित सोमनाथ एवं नागेश्वर धाम के दर्शन के लिए रवाना किया गया। जनप्रतिनिधियों ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, जिला पंचायत महासमुंद उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, महिला बाल विकास सभापति मधुलिका गणेश चंद्राकर, जनपद सदस्य भूपेंद्र मोंटू दीवान, पार्षद शैलेष साहू, बागबाहरा मंडल अध्यक्ष डिंपल डाली ध्रुव, कोमाखान मंडल अध्यक्ष रूपेश साहू, किसान मोर्चा अध्यक्ष पिलेश्वर पटेल, पूर्व सरपंच रिंकू चेतन चंद्राकर सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

श्री चंद्राकर ने कहा कि तीर्थ यात्रा आस्था और आध्यात्मिक शांति से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं और वरिष्ठजनों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का मौका मिल रहा है, जो उन लोगों के लिए खास मायने रखता है जिनके लिए दूरस्थ तीर्थों की यात्रा आसान नहीं होती। उन्होंने यात्रियों की कुशल यात्रा और सकुशल वापसी की कामना की।

गौरतलब है कि सोमनाथ मंदिर देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में विशेष स्थान रखता है, जबकि नागेश्वर धाम भी भगवान शिव के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में शामिल है। दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा। विदाई के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बाबा सोमनाथ और नागेश्वर महादेव से सभी यात्रियों की यात्रा सफल, सुरक्षित और मंगलमय होने की प्रार्थना की।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!