Friday, 20 Nov 2026

पलायन व मानव तस्करी पर सख्ती, हर पंचायत में बनेगी निगरानी समिति

जनपद अध्यक्ष ने पंचायत सचिवों की बैठक ली, नाबालिगों के पलायन और बाल श्रम पर रोक के निर्देश

बागबाहरा।क्षेत्र में बढ़ते पलायन और मानव तस्करी की आशंकाओं को देखते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने पंचायत सचिवों की बैठक लेकर कड़े निर्देश जारी किए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सरपंच की अध्यक्षता में “मानव तस्करी एवं बाल संरक्षण निगरानी समिति” बनेगी। इसमें सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, शिक्षक और स्व-सहायता समूह प्रतिनिधि शामिल होंगे। नौकरी, शादी या ज्यादा मजदूरी का लालच देकर महिलाओं, युवतियों और बच्चों को बाहर ले जाने वाले संदिग्धों की सूचना तुरंत पुलिस-प्रशासन को देनी होगी।

पलायन रोकने के लिए “जी राम जी” योजना के तहत अधिक से अधिक रोजगारमूलक कार्यों के प्रस्ताव जनपद पंचायत को भेजने को कहा गया, ताकि मजदूरों को मजबूरी में दूसरे राज्य न जाना पड़े। रोजगार के नाम पर बाहर ले जाने की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। बच्चों को मजदूरी के लिए भेजने वाले बिचौलियों की जानकारी विभागों व पुलिस को दी जाएगी।

बाहर जाने वाले मजदूर परिवारों की स्वैच्छिक सहमति से ठेकेदार का नाम, कार्यस्थल और आपातकालीन नंबर पंचायत स्तर पर दर्ज किए जाएंगे, ताकि संकट में उनसे संपर्क हो सके। ग्राम सभा, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह और प्रलोभनों से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। पंचायत स्तर पर हर माह समीक्षा होगी तथा समिति की गतिविधियों की रिपोर्ट जनपद कार्यालय में देना अनिवार्य होगा।

गौरतलब है कि बागबाहरा सहित महासमुंद जिले से बड़ी संख्या में मजदूर काम की तलाश में दूसरे राज्यों जाते हैं। कई बार परिवारों के साथ नाबालिग बच्चों को भी ईंट भट्ठों में ले जाए जाने, कम मजदूरी और बंधुआ मजदूरी जैसी स्थितियों की शिकायतें सामने आई हैं। श्री चंद्राकर ने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं, इसके लिए पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बैठक में जनपद सीईओ एम.एल. मंडावी, अतिरिक्त सीईओ जी.आर. बरिहा, सरपंच संघ अध्यक्ष नारायण सिंह ठाकुर, जनपद सदस्य भूपेंद्र दीवान सहित क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!