Thursday, 28 May 2026

आयुक्त का कोसा नगर गौठान में औचक निरीक्षण

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने शनिवार को कोसा नगर स्थित गौठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध चारा-पानी, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

गौवंश की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने जोन आयुक्त अजय राजपूत और कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल को गौठान में शेड का विस्तार करने के तत्काल निर्देश दिए। साथ ही, गौवंश के स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सा व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई। मौके पर मौजूद पशु चिकित्सक डॉ. जी एल बंजारे और गौसेवकों से चर्चा कर आयुक्त ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के सुझाव प्राप्त किए।

आयुक्त ने गौठान के संचालन में स्थानीय गौसेवकों तथा समाजसेवियों के योगदान की प्रशंसा की और इस सामुदायिक सहभागिता को सराहनीय बताया। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गौठान में सफाई व्यवस्था और गौवंश के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अजय राजपूत, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा एवं बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी जोशी, डॉ. जी एल बंजारे, गौसेवक संजय तिवारी सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण निगम की ‘स्वच्छ एवं सुंदर भिलाई’ मुहिम के तहत गौठानों को और अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!