रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े आर्थिक अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, एक नोट गिनने की मशीन, चार मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन आईपीएल सट्टे से अर्जित राशि को हवाला नेटवर्क के माध्यम से वैध स्वरूप देने का संगठित तंत्र संचालित किया जा रहा था। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल (29), पुष्कर अग्रवाल (26) तथा सुनील कुमार अग्रवाल (58) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी करन चौधरी रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक फैले नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। सट्टे से प्राप्त रकम को सीधे रखने के बजाय विभिन्न कारोबारी माध्यमों और परिचितों के जरिए कैश डंप कर हवाला चैनलों के माध्यम से आगे ट्रांसफर किया जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 26 अप्रैल को साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और मोबाइल डेटा, चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल तथा वित्तीय ट्रांजेक्शन की जांच में पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस ने कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट पर छापा मारकर 50 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं एक अन्य आरोपी के कब्जे से 52 लाख 60 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने निजी बैंक खातों के बजाय कर्मचारियों, परिचितों और सहयोगियों के खातों तथा मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके। करन चौधरी के खिलाफ पहले से जुआ-सट्टा, मारपीट, रंगदारी, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण और अपहरण सहित कई मामले दर्ज हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है।
इस मामले में एक अन्य आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े किसी भी नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


