Thursday, 28 May 2026

513 असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई, बदमाशों में मचा हड़कंप

बिलासपुर। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अप्रैल 2026 से 12 मई 2026 तक जिलेभर में कुल 513 व्यक्तियों/प्रकरणों पर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों, शराब के नशे में उत्पात मचाने वालों, निगरानी बदमाशों, हथियार लेकर घूमने वालों तथा बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस ने सख्ती बरतते हुए बदमाशों को सार्वजनिक रूप से चेतावनी भी दी।

अभियान के तहत थाना स्तर पर विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई। थाना सिविल लाइन में धारा 151 के तहत 55, धारा 107/116 के 76 तथा आर्म्स एक्ट के 11 मामले दर्ज किए गए। थाना कोतवाली में धारा 151 के 21 और धारा 107/116 के 93 प्रकरण दर्ज हुए।

इसी प्रकार थाना तोरवा में धारा 151 के 11 और आर्म्स एक्ट के 3 मामले दर्ज किए गए, जबकि थाना सरकंडा में सबसे अधिक कार्रवाई सामने आई, जहां धारा 151 के 55, धारा 107/116 के 130 और आर्म्स एक्ट के 15 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा थाना चकरभाठा, सिरगिट्टी और कोनी क्षेत्रों में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कई मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, हथियारों के जरिए दहशत फैलाने वाले और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहरवासियों ने राहत महसूस की है। नागरिकों का कहना है कि लगातार बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों के बीच पुलिस का यह अभियान कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम साबित हो रहा है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!