Tuesday, 22 Sep 2026

ऑपरेशन निश्चय में महासमुंद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 246 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

तीन अलग-अलग मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया; करीब 1.58 करोड़ की संपत्ति जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक ही दिन में तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने 246.25 किलो गांजा जब्त किया है। तीनों मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 23 लाख 12 हजार 500 रुपये है। वाहनों, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल जब्ती करीब 1 करोड़ 58 लाख रुपये बताई गई है।

घोड़ारी में चेकिंग देखकर भागे तस्कर, पीछा कर दबोचा पहली बड़ी कार्रवाई में एएनटीएफ और महासमुंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो कारों के जरिए उड़ीसा से गांजे की खेप महासमुंद होते हुए भिलाई ले जाई जा रही है। सूचना पर घोड़ारी सहायता केंद्र के पास एनएच-53 और एनएच-353 में नाकाबंदी की गई। पुलिस चेकिंग देखकर दोनों वाहनों के चालक वापस लौटकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए गिरवर साहू फर्शी उद्योग के सामने ग्राम मुढेना के पास दोनों वाहनों को पकड़ लिया। तलाशी में एक कार से ट्रॉली बैग और प्लास्टिक बोरियों में 117.15 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 58.57 लाख रुपये बताई गई है। मामले में लोकेश मीणा, अभिषेक गोचर और राकेश मीणा को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया। पुलिस ने गांजे के साथ दो कार, चार मोबाइल और सोने जैसे आभूषण समेत करीब 71.96 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

सांकरा में बलेनो से 83 किलो गांजा बरामद दूसरी कार्रवाई में सांकरा पुलिस और एएनटीएफ ने ग्राम बिजेपुर मोड़, एनएच-53 के पास घेराबंदी कर सफेद रंग की बलेनो कार को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, वाहन उड़ीसा से बसना होते हुए रायपुर की ओर जा रहा था। तलाशी के दौरान कार से 83.10 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 41.55 लाख रुपये है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार और तीन मोबाइल समेत कुल 47.85 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। इस मामले में मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के लोचन महारा, राजेश उरमलिया, सत्येंद्र कुमार चंद्रवंशी और तुलाराम चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

पलसापाली में थार से 46 किलो गांजा पकड़ा तीसरी कार्रवाई में बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने पलसापाली के पास घेराबंदी कर महाराष्ट्र नंबर की थार को रोका। वाहन की तलाशी में 46 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के बलांगीर से नागपुर, महाराष्ट्र ले जाने की बात पुलिस को बताई। मामले में महाराष्ट्र निवासी रुषभ सुरेशराव चौधरी और अशफाक रफीक शेख को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजे के साथ करीब 15 लाख रुपये कीमत की थार और दो मोबाइल समेत कुल 38.20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

उड़ीसा से दूसरे राज्यों तक फैला तस्करी का नेटवर्क तीनों मामलों में सामने आया कि गांजे की खेप उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र और भिलाई तक पहुंचाई जा रही थी। पुलिस की लगातार चेकिंग और मुखबिर तंत्र के चलते तस्करों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। घोड़ारी में तस्करों द्वारा चेकिंग देखकर भागने की कोशिश और पुलिस द्वारा पीछा कर पकड़े जाने की कार्रवाई ने अभियान की सक्रियता को भी सामने रखा है। महासमुंद पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के साथ-साथ तस्करी से जुड़े आर्थिक नेटवर्क की जांच पर भी फोकस किया जा रहा है। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना जारी है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!