Friday, 29 May 2026

छत्तीसगढ़ बजट “जुमला एक्सप्रेस की तीसरी किश्त”—अंकित

महासमुंद। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर कांग्रेस नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। बागबाहरा क्षेत्र के कांग्रेस नेता अंकित ने राज्य सरकार के बजट को आम जनता के लिए निराशाजनक बताते हुए इसे “जुमला एक्सप्रेस की तीसरी किश्त” करार दिया। अंकित ने आरोप लगाया कि यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बिना विकल्प वाला तथा अज्ञान और दुर्गति से भरा हुआ बजट है। उनका कहना है कि वर्तमान भाजपा सरकार केवल शोमैनशिप की राजनीति कर रही है और जनता को जमीनी हकीकत से दूर सपने दिखाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य के विकास की अधिकांश योजनाएं वर्ष 2047 तक ही पूरी होनी हैं, तो वर्तमान मंत्रिमंडल को पद पर बने रहने का औचित्य स्पष्ट करना चाहिए।उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा “संकल्प, ज्ञान और गति” के नारे के साथ प्रस्तुत बजट वास्तव में अधूरा संकल्प साबित हुआ है। बजट में विज्ञापनों और घोषणाओं पर जोर दिखाई देता है, जबकि आम आदमी की समस्याओं के समाधान की स्पष्ट दिशा नजर नहीं आती।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बजट में पूंजीगत व्यय और बुनियादी ढांचे पर खर्च में कमी आई है तथा लगभग 2000 करोड़ रुपये के घाटे के बावजूद आंकड़ों की जादूगरी के माध्यम से स्थिति बेहतर दिखाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि नए रोजगार सृजन, 500 रुपये गैस सिलेंडर, किसानों को तत्काल बोनस जैसी प्रमुख घोषणाएं बजट से गायब हैं।

अंकित ने यह भी कहा कि विभिन्न विभागों के लिए प्रावधान तो दर्शाए गए हैं, लेकिन वास्तविक विकास कार्यों पर कितना खर्च होगा और वेतन एवं अन्य प्रशासनिक मदों पर कितना व्यय होगा, इसका स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया है। उन्होंने महासमुंद मेडिकल कॉलेज के लिए बजट में प्रावधान नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई।अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट युवा, किसान, मजदूर और बढ़ती महंगाई से जूझ रही आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता तथा राज्य सरकार की नीतिगत विफलता को दर्शाता है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!