Thursday, 26 Nov 2026

उड़ीसा से दिल्ली-इटारसी गांजा खपाने की योजना नाकाम, महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी, परिवहन तथा बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो कारों से 85.080 किलो गांजा बरामद कर उत्तरप्रदेश व बिहार के 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक फॉक्सवैगन कार क्रमांक सीजी 04 केपी 6666 में एक महिला व एक पुरुष एवं महिन्द्रा एक्सयूवी 700 कार क्रमांक बीआर-01 केसी-1111 में 02 पुरुष सवार हैं, जो अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर खरियार रोड (ओडिशा) से बागबाहरा-महासमुंद की ओर आगे-पीछे चलते हुए आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए टेमरी नाका नेशनल हाईवे-353 पर नाकाबंदी की। आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही थी, तभी संदेही वाहन सामने से आते नजर आए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका।

पूछताछ में फॉक्सवैगन कार के चालक ने अपना नाम आदिल शेख पिता शोहराब अहमद उम्र 38 साल निवासी बिलरियागंज जिला आजमगढ़ (उत्तरप्रदेश) एवं बगल में बैठी महिला ने अपना नाम रिया पटेल पिता ज्ञान प्रकाश उम्र 22 साल निवासी महावीरपुरम पनकी रोड थाना कल्याणपुर जिला कानपुर (उत्तरप्रदेश) बताया। वहीं एक्सयूवी कार के चालक ने अपना नाम शुभम सिंह पिता नरेश सिंह उम्र 20 साल निवासी आदर्श नगर भुईंधारा थाना समस्तीपुर एवं बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम राजा कुमार पिता नंदलाल प्रसाद उम्र 24 साल निवासी गौहरबसंत थाना गरखा जिला छपरा (बिहार) बताया।

दोनों कारों की बारी-बारी तलाशी लेने पर फॉक्सवैगन कार की डिक्की में चार प्लास्टिक बोरी में कुल 14 पैकेट गांजा एवं पीछे वाली महिन्द्रा एक्सयूवी कार में 14 पैकेट सहित कुल 85.080 किलो गांजा कीमती 42,55,500 रुपये बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा को उरजादानी टिटलागढ़ (ओडिशा) से इटारसी एवं दिल्ली में स्वयं बिक्री करने के लिए लेकर जा रहे थे। पुलिस ने गांजा, परिवहन में प्रयुक्त दो कार, 5 मोबाइल एवं नगदी रकम सहित जुमला कीमती 71,67,500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध अप.क्र. 218/2026 धारा 20(B)(II)(C), 27(a), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!