महासमुंद। जिले के तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू को पुलिस ने शनिवार तड़के सुबह उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि एक महिला ने उनके खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई की गई।
सुबह करीब 5 बजे तीन वाहनों में पहुँचे लगभग 25 से 30 पुलिसकर्मी अध्यक्ष के घर में दाखिल हुए और बिना किसी पूर्व सूचना या वारंट दिखाए उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में आक्रोश की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समर्थकों ने तुमगांव थाने का घेराव किया, वहीं नगर पंचायत क्षेत्र की सभी दुकानें बंद कराई गईं और चक्काजाम भी किया गया।
गिरफ्तारी के बाद अध्यक्ष बलरामकांत साहू की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज महासमुंद पहुँचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया और फिर महासमुंद सिटी कोतवाली लाकर मामले में कागज़ी कार्रवाई पूरी की।
इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ पक्षकार वकील ने जमानत के लिए अर्जी दाखिल की। किंतु न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जमानत अर्जी को खारिज करते हुए उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। चूँकि शनिवार को गिरफ्तारी हुई और रविवार अवकाश होने के कारण अब अध्यक्ष को कम से कम एक दिन और जेल में रहना होगा।
इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक जोर-शोर से हो रही है। वहीं समर्थकों का कहना है कि पुलिस ने बिना वारंट कार्रवाई की है और इस मामले को लेकर आने वाले दिनों में आंदोलन की स्थिति भी बन सकती है।


