बागबाहरा। विकासखंड बागबाहरा के ग्राम दारगांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत लगभग 16 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत नए तालाब निर्माण कार्य का भूमिपूजन जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष चंद्राकर ने कहा कि दारगांव उनका अपना गांव है और ग्रामीणों के एक बुलावे पर पहुंचना वे अपना कर्तव्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि तालाब निर्माण जैसे कार्य केवल विकास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा का मजबूत आधार होते हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में भूजल स्तर लगभग 350 फीट से नीचे पहुंच चुका है, ऐसे में जल संरक्षण और संचयन की दिशा में यह तालाब महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गर्मी के दिनों में जहां ग्रामीणों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब यह तालाब पेयजल, सिंचाई और आजीविका का स्थायी स्रोत बनेगा।
अध्यक्ष ने निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए रोजगार सहायक एवं सरपंच को मेड़ की चौड़ाई-ऊंचाई, तालाब की गहराई तथा जल संरक्षण की वैज्ञानिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि वर्षा जल सुरक्षित रूप से संग्रहित हो सके और संरचना लंबे समय तक सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि तालाब का स्थान जंगल क्षेत्र से लगा होने के कारण वन्य प्राणियों को भी पेयजल उपलब्ध होगा। साथ ही आसपास निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति भुंजिया समुदाय को निस्तारी, मछलीपालन और खेती के लिए जल सुविधा मिलेगी। मनरेगा के माध्यम से होने वाले इस कार्य से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध होगा।
चंद्राकर ने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से जल संकट जैसी चुनौतियों को अवसर में बदला जा सकता है। यह तालाब गांव की खुशहाली, हरियाली और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा।
कार्यक्रम में सरपंच उमा चंद्रहास यादव, उपसरपंच भीम सिंह ठाकुर, पंच लखन साहू, पूर्व सरपंच कौशल नेताम, शिव साहू, ओमप्रकाश निषाद, जगेश्वर ठाकुर, कृष्ण कुमार यादव, कुसु ठाकुर, कुमार ठाकुर, भूपेंद्र निषाद, एकलदेव निषाद, रोजगार सहायक मनटोरा निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


