रायपुर। प्रदेश स्तरीय विश्व गुरु संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 649वीं जयंती समारोह को लेकर सर्व रविदास समाज द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह आयोजन प्रज्ञा गिरी, डोंगरगढ़ (जिला राजनांदगांव) में आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में 27 जनवरी 2026 की रात्रि 11:30 बजे सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ध्रुव कुमार मिर्धा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार बोर्ड (राज्य मंत्री दर्जा) ने किया।
प्रतिनिधिमंडल में इंजीनियर विजय मेहरा (प्रदेश अध्यक्ष), नरेंद्र लाल चंचल (प्रदेश कोषाध्यक्ष), डॉ. वेणुधर रौतिया (प्रदेश विधि सलाहकार), खेमराज बाकरे (प्रदेश महासचिव), मदन लाल मोहबे (प्रदेश संगठन सचिव), डॉ. चंद्रशेखर खरे (प्रचार सचिव), कु. रानी बघेल (प्रदेश उपाध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ), राकेश मेहर (प्रदेश संरक्षक, युवा प्रकोष्ठ), ओम प्रकाश मिरी, डॉ. धर्मेन्द्र खरे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनते हुए 8 फरवरी 2026 को प्रदेश स्तरीय गुरु रविदास जयंती समारोह में शामिल होने की सहमति प्रदान की। इससे समाजजनों में उत्साह का माहौल है। सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर विजय मेहरा ने बताया कि गुरु रविदास महाराज के समता और सामाजिक न्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह समारोह आयोजित किया जा रहा है।


