महासमुंद। नशीले पदार्थों की तस्करी और सेवन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त कार्रवाई कर 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 1300 ML कोडीन फॉस्फेट युक्त कफ सीरप, 500 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट और एक बटन चाकू जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर 14 अगस्त को महासमुंद निवासी प्रवीण साहू को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी से बरामद कफ सिरप और चाकू के आधार पर आगे पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि वह यह नशीली दवाएं उड़ीसा के पदमपुर निवासी सुशांत प्रधान से लाता था। टीम ने उसे भी दबोच लिया और उसके कब्जे से 500 नाइट्राजेपाम टैबलेट जब्त किए।
जांच के दौरान अन्य 7 आरोपी भी पकड़ में आए, जिनमें रायपुर के टी. बजरंग, सोनू साहू, जनक बघेल, अमित यादव, सचिन ध्रुव, शुभम उर्फ चंद्रमणी साहू और कुनाल फेकर शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 21(सी), 22, 27 एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई End to End इन्वेस्टिगेशन और फाइनेंशियल ट्रैकिंग के तहत की गई है, जिससे नशे की अवैध सप्लाई चेन और उसके नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी।


