Wednesday, 10 Jun 2026

1.25 करोड़ की गांजा तस्करी पकड़ी, 6 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 क्विंटल 25 किलोग्राम गांजा जब्त कर 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तस्कर उड़ीसा के संबलपुर से उत्तरप्रदेश के चित्रकूट गांजा ले जाने की तैयारी में थे। तस्करी के लिए आरोपियों ने पिकअप वाहन में तरबूज के नीचे गांजा छिपाकर रखा था, वहीं पुलिस को भ्रमित करने के लिए एक कार से पायलटिंग भी कराई जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। जांच के दौरान पिकअप वाहन से प्लास्टिक बोरियों में भरा गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई में पुलिस ने गांजा के अलावा एक पिकअप वाहन, एक हुंडई औरा कार तथा 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश के रहने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!