Monday, 24 Aug 2026

प्यार, गुस्सा और जलन का खौफनाक अंजाम

शादी के 15 दिन बाद मायके पहुंची युवती पर प्रेमी का हमला, फिर युवक ने दी जान

महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर में प्यार, गुस्सा और जलन की खौफनाक कहानी सामने आई है। एक युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका पर ब्लेड से प्राणघातक हमला कर दिया और इसके बाद खुद बिजली के खंभे पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। घायल युवती का इलाज अस्पताल में जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, युवती की शादी महज 15 दिन पहले ही हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ नवरात्रि मेला देखने मायके गढ़फुलझर आई हुई थी। इसी दौरान उसका पुराना प्रेमी भी गांव पहुंच गया, जिससे घटनाक्रम ने खतरनाक मोड़ ले लिया।

ग्रामीणों के अनुसार, युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका को देखकर विचलित हो गया था और उसने रात में मिलने का निवेदन किया, जिसे युवती ने स्वीकार कर लिया। रात्रि करीब 2-3 बजे दोनों घर से कुछ दूरी पर मिले, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हो गई।

विवाद के दौरान युवक ने आवेश में आकर ब्लेड से युवती के गले पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद युवक ने पास के बिजली खंभे पर चढ़कर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का मानना है कि युवक ने युवती पर पुराने रिश्ते को आगे बढ़ाने का दबाव बनाया होगा या किसी मांग को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके चलते यह भयावह कदम उठाया गया।

बसना पुलिस के अनुसार, सुबह ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया गया वैज्ञानिक अधिकारी (FSL) द्वारा घटनास्थल और शव का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। मृतक की पहचान राजेश बारिह 25 वर्ष, निवासी कांदाडोगर, थाना झारबंद ओडिशा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि मृतक का पिछले एक वर्ष से एक महिला निवासी चमरडीह, ओडिशा के साथ प्रेम संबंध था। रात्रि में महिला के बुलावे पर वह मिलने गया था, जहां विवाद के बाद उसने ब्लेड से हमला किया और बाद में आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बसना में मर्ग कायम कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, वहीं घायल युवती की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!