महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जप्त अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया है। यह कार्रवाई शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकियों में दर्ज 35 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण 28 मार्च 2026 को रायपुर के सिलतरा स्थित बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट में किया गया। नष्टीकरण की प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक महासमुंद की अध्यक्षता में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में भौतिक सत्यापन के बाद पूरी की गई।
इस दौरान कुल 1 करोड़ 59 लाख 84 हजार 520 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। नष्टीकरण में 720 ग्राम ब्राउन शुगर, 7 ग्राम हेरोइन, 2576 नग सिरप, 11367 कैप्सूल, 62449 टैबलेट तथा 4123 इंजेक्शन (एम्पुल) शामिल हैं।
इन प्रकरणों में थाना महासमुंद के 13, बसना के 10, सरायपाली के 4, बलौदा के 2, कोमाखान के 2, सिंघोड़ा, पटेवा, तुमगांव और बागबाहरा के एक-एक प्रकरण शामिल हैं। बताया गया कि नष्ट किए गए मामलों में वर्ष 2017 से लेकर 2025 तक के प्रकरण शामिल हैं, जिनमें सबसे अधिक 2025 के 11 प्रकरण हैं।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


