महासमुंद। छत्तीसगढ़ में ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से चर्चित तथाकथित आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना में दर्ज अपराध के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एक महिला द्वारा प्रस्तुत लिखित शिकायत के आधार पर थाना बागबाहरा में मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि वर्ष 2023 में आरोपी ने पीड़िता के साथ दैहिक शोषण किया था। पीड़िता ने घटना की जानकारी उस समय अपने परिजनों को दी थी, लेकिन सामाजिक बदनामी और लोकलाज के कारण मामला पुलिस तक नहीं पहुंच सका। बाद में पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी किया गया है कि दिनांक 6 जून 2026 को पीड़िता द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर आरोपी नरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध थाना बागबाहरा में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं 376(2)(j), 376(2)(n) एवं 376 (2)(m) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद आज 9 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
नरेंद्र नयन शास्त्री छत्तीसगढ़ में ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध रहे हैं। रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र में उनका आश्रम स्थित बताया जाता है। वह अपने दरबार में एक मुट्ठी चावल और लाल फूल देखकर लोगों का भविष्य बताने तथा समस्याओं के समाधान का दावा करते थे। प्रदेश के विभिन्न जिलों में उनके अनुयायी और धार्मिक कार्यक्रमों की चर्चा होती रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल जारी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।


