Friday, 12 Jun 2026

पेलमा कोल परियोजना की लोक सुनवाई में उमड़ा जनसमर्थन, विकास और रोजगार की उठी उम्मीद

रायगढ़। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की प्रस्तावित पेलमा ओपन कास्ट कोल माइन परियोजना की लोक सुनवाई मंगलवार को ग्राम पेलमा में व्यापक जनभागीदारी और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुई। सुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न हितधारकों ने हिस्सा लिया।

अपर जिला दंडाधिकारी अपूर्व प्रियेश टोप्पो की अध्यक्षता में आयोजित सुनवाई में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी मानवेंद्र शेखर पांडेय मौजूद रहे। 2077.934 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित 15 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता वाली इस परियोजना से पेलमा, उरबा, मडुआडूमर, लालपुर, हिंझर, जरिडीह, सक्ता, मिलूपारा और खर्रा सहित आसपास के गांव प्रभावित होंगे।

लोक सुनवाई के दौरान SECL अधिकारियों ने परियोजना, पर्यावरण प्रबंधन योजना तथा सामाजिक-आर्थिक प्रभावों की जानकारी दी। ग्रामीणों ने रोजगार, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी अपेक्षाएं रखीं। कई वक्ताओं ने CSR के तहत किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परियोजना से क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

महिला प्रतिभागियों ने भी स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों के विस्तार की उम्मीद जताई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुई। लोक सुनवाई में दिखी जनभागीदारी और सकारात्मक संवाद ने इसे क्षेत्र के विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण जनपरामर्श कार्यक्रम बना दिया।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!