महासमुंद। सड़क हादसों को रोकने तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाए जा रहे “सड़क सुरक्षा माह 2026” के अंतर्गत आरटीओ चेकपोस्ट खम्हारपाली, जिला महासमुंद में जनजागरूकता कार्यक्रम, हेलमेट वितरण एवं मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चेकपोस्ट प्रभारी विष्णु ठाकुर ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, उनसे होने वाले जान-माल के नुकसान तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंतर्गत चेकपोस्ट से गुजर रहे बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चालकों को समझाइश देकर हेलमेट का वितरण किया गया। वहीं, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान लगभग 50 हेलमेट का वितरण किया गया।
हेलमेट वितरण के पश्चात यातायात जागरूकता को लेकर मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जो खम्हारपाली चेकपोस्ट से छिंदपाली एवं पैकिन होते हुए पुनः खम्हारपाली पहुँची। रैली में करीब 50 मोटरसाइकिल सवारों ने सहभागिता की।
रैली एवं कार्यक्रम में ग्राम खम्हारपाली एवं भोथलडीह के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सरपंच, उपसरपंच, मंडल अध्यक्ष सहित आरटीओ चेकपोस्ट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निरीक्षक संतोष हरिपाल, उपनिरीक्षक हेमंत जायसवाल, फिरोज कुरैशी, रवि देवांगन, कृष्णा बर्मन, संजय ठाकुर एवं समस्त स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन का संकल्प लिया। हेलमेट वितरण कार्यक्रम एवं मोटरसाइकिल रैली को सफल बनाने में सरायपाली के मोटरसाइकिल डीलर — भवानी ऑटो, स्वीटी ऑटो, बंसल ऑटो, पुखराज ऑटो, शुभम के मार्ट, मोटर व्यवसायी प्रवीण रुंगटा तथा ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।


