महासमुंद। जिले के एकमात्र अंग्रेज़ी माध्यम महाविद्यालय स्वामी आत्मानंद आदर्श अंग्रेज़ी माध्यम महाविद्यालय ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। महाविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा कंचन सेन ने सेक्टर स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की 20 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिला एवं संस्थान का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 15 नवंबर को एम.वी.पी.जी. महाविद्यालय के तत्वाधान में वन विभाग मैदान, महासमुंद में आयोजित हुई थी, जिसमें जिले के 10 से अधिक महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कठोर प्रतिस्पर्धा के बीच कंचन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि के आधार पर कंचन का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हो गया है, जो 5 से 7 दिसंबर को बिलासपुर में आयोजित होने वाली है। कंचन की इस सफलता में क्रीड़ा अधिकारी तृपेश साहू का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। श्री साहू ने कंचन सहित महाविद्यालय के खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर प्रोत्साहन प्रदान किया, जिसका परिणाम आज गर्व से सामने आया है।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. अनुसुइया अग्रवाल, D.Litt. ने कंचन सेन को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “कंचन की यह उपलब्धि महाविद्यालय एवं पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है। उनकी मेहनत और लगन से अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे।” कंचन सेन की इस उपलब्धि से छात्र-छात्राओं में उत्साह का वातावरण है। महाविद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


