बागबाहरा अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने पर जिला अस्पताल किया गया रेफर, लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत
महासमुंद। जिले के कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्राम झिटकी में रविवार देर रात तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। घर में सो रहे एक ही परिवार के आठ सदस्यों पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे सभी घायल हो गए। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। घायलों में सरजू यादव (60), उनकी पत्नी उत्तरीबाई यादव (55), जनकराम (40), जनकराम के पुत्र मनीष (18), सुनीता यादव (34) और तुषार (15) शामिल हैं। इनके अलावा दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनके नाम की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण घायलों को जिला अस्पताल महासमुंद रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले पंडरीपानी में भी तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला किया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय व्याप्त है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।लगातार हो रहे तेंदुए के हमलों ने क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


