भिलाईनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा आज 10 हितग्राहियों को आवास आवंटित किए गए। यह आवंटन पूर्ण पारदर्शिता के साथ खुली लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में निगम सभापति गिरवर (बंटी) साहू, निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, महापौर परिषद के सदस्य संदीप निरंकारी, जोन-2 अध्यक्ष रामानंद मोर्या तथा अधीक्षण अभियंता अजीत तिग्गा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हालांकि, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन एवं महापौर नीरज पाल आवश्यक कार्य के कारण उपस्थित नहीं हो सके, परंतु उन्होंने संदेश भेजकर लॉटरी में आवास प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
1669 मकानों में से 1032 आबंटित, शेष 637 पर जारी है प्रक्रिया
नगर निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय सभागार में दोपहर 12 बजे से लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के AHP (Affordable Housing in Partnership) घटक — “मोर मकान-मोर आस” और “मोर मकान-मोर चिन्हारी” — के अंतर्गत कुल 1669 आवास निर्मित/निर्माणाधीन हैं। इनमें से 1032 आवास हितग्राहियों को पहले ही आबंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष 637 आवासों के लिए लॉटरी प्रक्रिया जारी है।
आज की लॉटरी में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र हितग्राहियों को शामिल किया गया। चयनित हितग्राहियों को वंदे मातरम कुरूद भिलाई एवं सूर्या विहार के पीछे खम्हरिया क्षेत्र में आवास आबंटित किए गए।
पारदर्शिता और जनसहभागिता पर विशेष बल
लॉटरी कार्यक्रम के दौरान आवास प्रभारी विद्याधर देवांगन, सीएलटीसी टीम के सदस्य किरण चतुर्वेदी, नम्रता सिंह ठाकुर, थलेश्वर जोशी, जी. मोहन राव, महेत्तर सोनी और जागेश्वर साहू उपस्थित रहे। नगर निगम भिलाई ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत “हर नागरिक को पक्का मकान” के संकल्प को पूर्ण करने दिशा में लगातार कार्य जारी है। आने वाले दिनों में शेष हितग्राहियों के लिए भी लॉटरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी ताकि स्वच्छ, सुंदर और सबके लिए आवासीय भिलाई का सपना साकार हो सके।


