Friday, 7 Aug 2026

ब्रेकिंग_जनपद उपाध्यक्ष के पति की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत, गांव में मातम

महासमुंद। जिले में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के पति जितेंद्र चंद्राकर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। जितेंद्र चंद्राकर अपने मित्र अशोक साहू के साथ मोटरसाइकिल से अपने ग्राम बेल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेलसोढा और खरोरा के बीच पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही जितेंद्र चंद्राकर की मौत हो गई, जबकि अशोक साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।

कार चालक की पहचान अमन अग्रवाल के रूप में हुई है, जिसने हादसे के बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जितेंद्र चंद्राकर के असामयिक निधन से उनके परिवार, समर्थकों और पूरे ग्राम में शोक की लहर है। क्षेत्र में गमगीन माहौल है और लोग इस दर्दनाक हादसे पर गहरी संवेदना जता रहे हैं। सवाल उठता है कि आखिर सड़कों पर लापरवाह ड्राइविंग कब थमेगी और निर्दोष लोगों की जान लेने वाले ऐसे हादसों पर प्रशासन कितनी सख्ती दिखाएगा?

 

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!