बागबाहरा।जनपद पंचायत बागबाहरा में बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एकीकृत बाल विकास परियोजना के समस्त पर्यवेक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मंडावी ,सभापति महिला बाल विकास मधुलिका गणेश चंद्राकर,एवं एसडीओ साधराम कुर्रे,उप अभियंता निर्मल ध्रुव,बाला प्रसाद,सिद्धार्थ त्रिपाठी,महिला बाल विकास से भावना गुप्ता,रमा अग्रवाल,जामिन बरिहा सरोजिनी आदित्य,उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बरसात के पहले आंगनबाड़ी भवनों एवं स्कूल भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा वहां मौजूद मूलभूत सुविधाओं की कमी को दूर करना रहा। इस दौरान सभी ग्राम पंचायतों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण तैयार करने हेतु गंभीरता से निरीक्षण कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जाएं और उन्हें समय पर पारित कराया जाए।
बैठक में भवनों की मरम्मत, छतों की सुरक्षा, पानी निकासी व्यवस्था, शौचालय, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए भी अधिकारियों के बीच विचार-विमर्श हुआ तथा टीम वर्क के माध्यम से कार्यों को तेजी से पूरा करने की रणनीति बनाई गई।
जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब उन्हें सुरक्षित और मूलभूत सुविधाओं से युक्त केंद्र उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि बच्चों के हित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि हर माह सामूहिक बैठक आयोजित कर बच्चों के विकास से जुड़ी सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी और समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने भी निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार शीघ्र कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।


