Thursday, 28 May 2026

अंतरराज्यीय सिंडिकेट गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

महासमुंद। थाना बसना पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने 274 किलोग्राम अवैध गांजा तस्करी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय सिंडिकेट के मुख्य सरगना को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी “विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स” की आड़ में घरेलू सामान के बीच गांजा छिपाकर एक राज्य से दूसरे राज्य में सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार 28 फरवरी 2026 को थाना बसना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर में वाहन चेकिंग के दौरान अशोक लेलैंड बड़ा दोस्त वाहन क्रमांक MP15 ZL 4455 को रोका गया था। तलाशी लेने पर वाहन में मूवर्स एंड पैकर्स के घरेलू सामान के नीचे छिपाकर रखा गया 274 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से चालक रोशन यादव को गिरफ्तार किया गया था।

प्रकरण की विस्तृत विवेचना में खुलासा हुआ कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अजीत शर्मा उर्फ दीवाना सेठ है, जो रायपुर के कबीर नगर में “विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स” नाम से व्यवसाय संचालित करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा निवासी गांजा सप्लायर राजू उर्फ भोलू महानंद से भारी मात्रा में गांजा खरीदकर उसे ग्राहकों के पुराने घरेलू सामान के नीचे छिपाकर राजस्थान सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करवाता था।

चालक की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया था और गुजरात में छिपकर रह रहा था। पुलिस को सटीक सूचना मिलने पर थाना बसना एवं ANTF की टीम ने गुजरात में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।गिरफ्तार मुख्य आरोपी अजीत शर्मा उर्फ दीवाना सेठ (39 वर्ष) हरियाणा के चरखी दादरी जिले का निवासी है और रायपुर स्थित विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स का संचालक बताया गया है। इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों में रोशन यादव निवासी सागर (मध्यप्रदेश) तथा गांजा सप्लायर राजू उर्फ भोलू महानंद निवासी कालाहांडी (उड़ीसा) शामिल हैं।

 

 

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!