
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति देने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन आज संपन्न हुआ। सांसद महासमुंद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की मुख्य आतिथ्य में दो प्रमुख कार्यक्रमों का भूमिपूजन किया गया, जिसमें कुल 10.90 करोड़ रुपये लागत से सीमेंट कांक्रीट सी.सी. सड़कें, नालियां तथा बड़े पुलों का निर्माण कार्य शुरू होगा।
पहले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना और ब्राइड के तहत वर्ष 2025-26 के लिए कुल 2.971 किलोमीटर लंबाई की 10 सी.सी. सड़क सह नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन हुआ। इन कार्यों की कुल लागत 232.89 लाख रुपये है। इनमें शामिल प्रमुख गांव हैं:- चारभाठा स्कूल से महादेव घर तक एवं मंच से मुख्य मार्ग तक, गोहेरापाली हॉस्पिटल से टिकेश लाल घर तक, भुथिया कांजी हाउस से जोगेश्वर प्रधान के घर तक, जोगनीपाली, धुमाभाठा, अरेकेल, पेण्ड्रावन, छुईहा एवं बिरकोनी ये सड़कें ग्रामीणों के दैनिक आवागमन को सुगम बनाएंगी, विशेषकर बारिश के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या से मुक्ति दिलाएंगी।
दूसरे कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के तहत दो उच्च स्तरीय बड़े पुलों का भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लागत 857.80 लाख रुपये है। केरामुन्डा से पथरी सड़क पर आर.डी. 2750 मीटर, लंबाई 63.57 मीटर, धवराभाठा से कुरूभाठ सड़क पर आर.डी. 2390 मीटर, लंबाई 121.46 मीटर ये पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे और किसानों, व्यापारियों एवं विद्यार्थियों को बड़ा लाभ पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में योगेश्वर राजू सिन्हा विधायक तथा श्रीमती चातुरी नंद विधायक सरायपाली विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों, गणमान्य अतिथियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में शनिवार, 20 दिसंबर 2025 को ये दोनों कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। ये कार्य गांवों को मजबूत कनेक्टिविटी प्रदान करेंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। ग्रामीणों में इन विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल है। ये परियोजनाएं महासमुंद क्षेत्र को विकास के नए पथ पर ले जाएंगी।


