Sunday, 9 Aug 2026

राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दिखा खिलाड़ियों का उत्साह

 महासमुंद के फॉरेस्ट ग्राउंड में अंडर-14 से लेकर सीनियर वर्ग तक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

महासमुंद। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार एवं छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस के अवसर पर 7 अगस्त को महासमुंद के फॉरेस्ट ग्राउंड में जिला स्तरीय भाला फेंक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महासमुंद जिला एथलेटिक्स संघ के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर से विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20, अंडर-23 बालक एवं बालिका वर्ग के साथ महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाला फेंक स्पर्धा में हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रतिभागी खिलाड़ियों को महासमुंद जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस भारत के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा की ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में 7 अगस्त को मनाया जाता है। इसी उद्देश्य से देशभर में एथलेटिक्स और विशेष रूप से भाला फेंक जैसी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मनोज घृतलहरे एवं शिक्षा विभाग की अंजनी बरमाल उपस्थित रहीं। अतिथियों ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न स्पर्धाओं में उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण आवश्यक है। खिलाड़ियों को जिले के साथ-साथ राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी गई। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए खेल के माध्यम से सरकारी नौकरी सहित बेहतर अवसरों की जानकारी भी दी गई।

महासमुंद जिला एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। संघ द्वारा भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारकर राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महासमुंद का नाम रोशन कर सकें।

इस अवसर पर महासमुंद जिला एथलेटिक्स संघ की सुश्री अंजली बरमाल, सुश्री चारुलता गजपाल, राजीव गौतम, भरत ठाकुर, रेखू राम ध्रुव, श्रीमती अंजनी साहू, कु. कंचन सेन,  चंद्रहास, राजेश सहित संघ के अन्य पदाधिकारी, सहयोगी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!