Okधरमजयगढ़। क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 72 घंटों के भीतर तीसरे बड़े हादसे ने लोगों को दहला दिया है। ताजा मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मिरीगुड़ा गांव का है, जहां प्रियदर्शी वासुदेव बस (क्रमांक CG13 BB 8087) ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए धरमजयगढ़ अस्पताल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह बस रायगढ़ से अंबिकापुर के लिए निकली थी। हैरानी की बात यह है कि धरमजयगढ़ से कापू मार्ग पर इस बस का रूटमैप ही निर्धारित नहीं है, बावजूद इसके बस चालक मिरीगुड़ा पहुंचा। आखिर बस सिसरिंगा होते हुए पत्थलगांव जाने की बजाय इस मार्ग पर कैसे आ गई, यह बड़ा सवाल खड़ा करता है।
सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।गौरतलब है कि बीते 72 घंटों में यह तीसरा बड़ा हादसा है। अब तक कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 1 बस चालक, 3 शिक्षक और एक अन्य शामिल हैं। लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों की मांग है कि प्रशासन इस तरह से लापरवाही बरतने वाले बस ऑपरेटरों पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


