महासमुंद,बागबाहरा। खल्लारी विधानसभा के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत तेंदुकोना थाना क्षेत्र के ग्राम डोकरपाली में ग्रामीणों ने पुलिस और आबकारी विभाग की लापरवाही को आईना दिखा दिया। लंबे समय से यहां खुलेआम महुआ शराब का अड्डा संचालित हो रहा था, जहां से आसपास के 6 से अधिक गांवों में देशी-विदेशी और महुआ शराब की सप्लाई होती थी।
ग्रामीणों ने कई बार पुलिस प्रशासन को शिकायतें दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिलता रहा। हालात यह रहे कि जब ग्रामीणों ने खुद हिम्मत दिखाकर छापा मारा तो भारी मात्रा में महुआ पास और शराब जब्त हुई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस को पहले ही ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन थाना स्तर पर मौजूद अधिकारी ने बदतमीजी भरे अंदाज़ में कहा – “मेरी जानकारी में नहीं है, चलिए पकड़ते हैं, दिखाइए मुझे…”। यह रवैया साफ तौर पर पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत और गैर-जिम्मेदारी को उजागर करता है।
ग्रामीणों ने कहा कि खुलेआम नशे का कारोबार फल-फूल रहा है और कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियां खामोश दर्शक बनी हुई हैं। समाज में नशे की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान महिलाओं और युवाओं को उठाना पड़ रहा है।
डोकरपाली की यह पहल अब आसपास के गांवों के लिए मिसाल बन चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि नशे के कारोबार को तुरंत बंद नहीं किया गया तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।


