Saturday, 7 Mar 2026

टैटू ने खोले राज, एक साल बाद पुलिस ने किया सनसनीखेज पर्दाफाश

घोड़ारी तालाब हत्याकांड का खुलासा, पत्नी, प्रेमी और ससुराल वालों ने मिलकर रचा था षड्यंत्र

महासमुंद। 29 सितंबर 2024 को ग्राम घोड़ारी पुल के पास एक अज्ञात युवक की लाश ने पूरे इलाके को दहला दिया था। शव पर बने “आकाश” लिखे टैटू ने पुलिस को पहचान की कड़ी दी, और इसी सुराग ने एक साल बाद इस रहस्यमय हत्या का राज खोल दिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और ससुराल पक्ष के तीन अन्य लोगों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।

शादी से खुश नहीं थी लवली, पुराना रिश्ता बना आफ़त

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि जांच में सामने आया कि मृतक युवक आकाश सिंग रायपुर गीतांजलि नगर का निवासी था। उसने लवली सिंग नामक युवती से शादी की थी, लेकिन शादी के बाद भी लवली का अपने पुराने प्रेमी अभिनव सिंग से संपर्क बना रहा। लवली का परिवार आकाश को नशे और बुरी आदतों की वजह से नापसंद करता था, वहीं लवली अपने पुराने प्रेमी के मोहपाश में फंसी हुई थी।

अभिनव लवली सिंग का पुराना प्रेमी

प्रेमी ने घर गिफ्ट किया था, जिसको लेकर बढ़ा विवाद

चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस घर में आकाश और लवली रहते थे, वह घर दरअसल अभिनव ने अपनी प्रेमिका लवली को दिया था।
अभिनव नहीं चाहता था कि उसी घर में लवली अपने पति आकाश के साथ रहे। वह लगातार घर खाली करने का दबाव बना रहा था। लवली न तो घर छोड़ना चाहती थी और न ही आकाश और अभिनव में से किसी को छोड़ना चाहती थी। यही खींचतान एक खतरनाक साजिश में बदल गई। 29 सितंबर 2024 को लवली सिंग के पिता अभिलाख सिंग और भाई गौरव व विरु सिंग ने आकाश को रायपुर अपने घर बुलाया। यहां लवली और उसके प्रेमी अभिनव सिंग पहले से मौजूद थे। घर में विवाद बढ़ा तो पांचों ने मिलकर आकाश की बेरहमी से पिटाई की। जब वह अधमरा हो गया तो उसे स्कूटी में भरकर महासमुंद के ग्राम घोड़ारी तालाब के पास लाकर फेंक दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

एक साल बाद खुली पोल

हत्या के बाद सभी आरोपी समझ बैठे थे कि अब पुलिस का उन तक पहुंचना मुश्किल होगा। लेकिन कहते हैं “पाप ज्यादा दिन तक छिपता नहीं।” मृतक आकाश के हाथ पर बने टैटू ने पुलिस को पहचान तक पहुंचाया और फिर पूरी कहानी सामने आ गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या की गुत्थी सुलझने के बाद अब आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545