महासमुंद। गुजरात के सूरत स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में आयोजित 16वीं राष्ट्रीय कुडो टूर्नामेंट 2025-26 में महासमुंद की मीरा पंडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर महिला वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया है। इस जीत के साथ मीरा ने पहले ही दिन छत्तीसगढ़ का खाता खोल दिया और जिले सहित पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन कुडो इंटरनेशनल फेडरेशन इंडिया द्वारा 24 से 27 अक्टूबर 2025 तक किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम ने भी दमदार भागीदारी निभाई। महासमुंद जिले से कुल छह खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शामिल हैं —सब जूनियर वर्ग में: अनन्या प्रधान, जूनियर वर्ग में: संजना मुन्ना, मंजू खूंटे सीनियर वर्ग में: मीरा पंडा, उपेंद्र प्रधान और रघुनाथ नेताम।
मीरा की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के मुख्य प्रशिक्षक राजा कौशल और अध्यक्ष लिलिमा ने बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रेरणादायक है और इससे राज्य में कुडो खेल के प्रति नई ऊर्जा आएगी। वहीं खेल अधिकारी (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) महासमुंद मनोज कुमार घृतलहरे ने मीरा पंडा को बधाई देते हुए कहा कि “कुडो खेल छत्तीसगढ़ शासन से मान्यता प्राप्त है, अतः विजेता खिलाड़ियों को शासन स्तर पर लाभ और प्रोत्साहन दोनों प्राप्त होंगे। प्रशासन की ओर से भी उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।”
जिला कुडो एसोसिएशन महासमुंद के सचिव उपेंद्र प्रधान, रघुनाथ नेताम, मनीष साहू, भूपत साहू, मोतीलाल पंडा, प्रसन्ना प्रधान, उमा शंकर निराला, कैलाश निराला एवं सोनू छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी मीरा पंडा को हृदय से बधाई दी। खेल प्रेमियों का कहना है कि मीरा की यह सफलता महासमुंद जिले के युवाओं को आत्मविश्वास और प्रेरणा प्रदान करेगी।


