रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब का चुनाव अचानक स्थगित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मौजूदा स्वयंभू पदाधिकारी एकतरफा चुनाव कराने की तैयारी में थे, लेकिन धांधली की आशंका और पत्रकारों की शिकायतों के बाद कार्यालय रजिस्ट्रार फर्म्स एवं संस्थाएँ, छत्तीसगढ़ ने चुनावी प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगा दी।
सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा पदाधिकारियों ने प्रेस क्लब में दोबारा कब्जा करने के लिए कई गैरकानूनी और विवादित हथकंडे अपनाए थे। यह कदम कई पत्रकारों की नजरों में प्रेस क्लब के नियमों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन था।
इसके बाद रायपुर कलेक्टर ने हस्तक्षेप करते हुए प्रेस क्लब की जिम्मेदारी नामित प्रशासनिक अधिकारी को सौंप दी है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पुराने पदाधिकारी अब प्रेस क्लब के कार्यों में हस्तक्षेप नहीं कर पाएंगे।
सूत्रों की मानें तो, प्रेस क्लब की आड़ में कथित धन उगाही और अपराधिक गतिविधियों की जांच के लिए जल्द ही कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ FIR भी दर्ज हो सकती है।
अब सबकी नजरें नए आदेश और नई चुनाव तिथि पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद प्रेस क्लब में लोकतंत्र और पारदर्शिता बहाल हो पाती है या नहीं।


