1 सीजी नेवल यूनिट एनसीसी रायपुर का 10 दिवसीय “मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट-2026” शिविर
महासमुंद। छत्तीसगढ़ नेवल यूनिट एनसीसी ने मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय के तत्वावधान में कोडार बांध जलाशय में 10 दिवसीय नौकायन अभियान शिविर “मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट-2026” शुरू किया है। शिविर 28 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य कैडेटों में नौसैनिक प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
पहले दिन विभिन्न नेवल यूनिटों से 60 कैडेट पहुंचे, जिनमें 35 सीनियर डिवीजन और 25 सीनियर विंग के हैं। उनकी आगमन प्रक्रिया और बायोमेट्रिक पंजीकरण सहित प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। शिविर का शुभारंभ 1 सीजी नेवल यूनिट रायपुर के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कमांडर पी. अनिरुद्ध और 3 एमपी नेवल यूनिट ग्वालियर के कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर अखिल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद ध्वज दिखाकर नौकायन अभियान को रवाना किया गया। शिविर में कैडेटों को सीमैनशिप, जलकौशल, नेतृत्व और सुरक्षा प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यों के संचालन के लिए एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र, लखोली को आधार शिविर बनाया गया है।
यूनिट के लिए यह शिविर इसलिए भी खास है कि उसने हाल ही में अखिल भारतीय नौ सैनिक शिविर-2026 में समग्र रूप से प्रथम स्थान हासिल किया है। वर्ष 2025 के मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट नौकायन अभियान शिविर में यूनिट समग्र रूप से द्वितीय स्थान पर रही थी। इन उपलब्धियों से प्रेरित यूनिट ने कैडेटों में साहसिक भावना, नौसैनिक दक्षता और उत्कृष्टता को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है।



