Saturday, 7 Mar 2026

छत्तीसगढ़ में पहली बार DG–IG कॉन्फ्रेंस, नवा रायपुर किले में तब्दील

रायपुर। नवा रायपुर, अटल नगर में 28 से 30 नवम्बर तक आयोजित होने वाली DG–IG कॉन्फ्रेंस के लिए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर तक मजबूत कर दिया गया है। IIM नवा रायपुर परिसर में होने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की मौजूदगी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा सक्रिय कर दिया गया है। पहली बार छत्तीसगढ़ इस उच्चस्तरीय पुलिस नेतृत्व बैठक की मेजबानी कर रहा है।

बहुस्तरीय सुरक्षा कवच तैयार
सम्मेलन के दौरान जमीनी तैनाती, आकाशीय निगरानी और रियल–टाइम रूट ऑब्जर्वेशन को एकीकृत करते हुए सुरक्षा ढांचे को अंतिम रूप दिया गया है। तीन दिवसीय आयोजन के लिए 2000 से अधिक पुलिसकर्मी, स्पेशल यूनिट्स और प्रशिक्षित कॉन्स्टेबल लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की कमान एडीजीपी प्रशिक्षण दिपांशु काबरा के हाथों में है। उनके साथ रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा, पुलिस अकादमी निदेशक आईजी अजय यादव, डीआईजी प्रशांत अग्रवाल, डीआईजी अमित तुकाराम कंबले और डीआईजी डॉ. संतोष कुमार सिंह सहित 38 वरिष्ठ IPS–SPS अधिकारी ड्यूटी पर मोर्चा संभाल रहे हैं।

सात एसएसपी–एसपी स्तर के अधिकारी और 25 एसपीएस अधिकारी सेक्टर–आधारित तैनाती, रूट ऑडिट, रिस्पॉन्स टीम की तत्परता और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए नियुक्त किए गए हैं।

उच्चस्तरीय समन्वय बैठक में दिए गए कड़े निर्देश
सी–4 सिविल लाइन्स, रायपुर में आयोजित समन्वय बैठक में एडीजीपी काबरा और एडीजीपी इंटेलिजेंस अमित कुमार ने सभी अधिकारियों को विस्तृत दिशा–निर्देश दिए। अधिकारियों को आगमन–प्रस्थान व्यवस्था, सम्मेलन स्थल की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, कम्युनिकेशन प्रोटोकॉल और अनुशासन पालन की रूपरेखा समझाई गई। फील्ड परिस्थितियों के आधार पर सुझाव लेकर सुरक्षा को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

यातायात पर विशेष नजर, मार्ग पूरी तरह अवरोध–मुक्त
डीआईजी प्रशांत अग्रवाल ने यातायात बल को अलग से ब्रीफिंग देकर वीवीआईपी मार्गों को पूर्णतः अवरोध–मुक्त रखने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधि की त्वरित सूचना, साफ–सुथरा टर्न–आउट बनाए रखने तथा मार्गों पर आवारा पशुओं की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रियल–टाइम मॉनिटरिंग के लिए समर्पित टीमें तैनात होंगी।

भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
सम्मेलन अवधि में नवा रायपुर क्षेत्र में मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी इस आदेश को माना एयरपोर्ट से स्पीकर हाउस और IIM तक सभी प्रमुख मार्गों पर लागू किया गया है। परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन और RTO को तत्काल पालन सुनिश्चित करने कहा गया है।

नवा रायपुर में पहली बार आयोजित हो रही यह DG–IG कॉन्फ्रेंस सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय की दृष्टि से छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षा है, जिसे सफल बनाने के लिए राज्य पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545