Saturday, 7 Mar 2026

सुरक्षा मानकों पर खरी न उतरीं 30 बसें, ताबड़तोड़ कार्रवाई

महासमुंद। यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट पर यात्री बसों की सघन और सख्त जांच अभियान चलाया जा रहा है। बीते कुछ समय से विशेषकर पर्यटक परमिट पर चलने वाली बसों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में चिंताजनक बढ़ोतरी देखी गई है, जिनमें भारी जान-माल की क्षति हुई है। इन हादसों को रोकने और नुकसान को कम करने के लिए चेकपोस्ट पर बसों में लगे सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

जांच के दौरान बसों में लगे अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता व वैधता, प्राथमिक उपचार पेटी एवं उसमें रखी चिकित्सा सामग्री, साथ ही आपातकालीन दरवाजों की स्थिति की गहन जांच की गई। चालक व परिचालकों को आपातकालीन दरवाजों को खोलने-बंद करने की विधि मौके पर ही समझाई गई और उनसे स्वयं अभ्यास भी कराया गया।

इसके साथ ही चेकपोस्ट से गुजरने वाले सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। चालकों से अपील की जा रही है कि वे न केवल स्वयं नियमों का पालन करें, बल्कि अन्य साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

जांच में सुरक्षा मानकों में खामी पाए जाने पर करीब 30 बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान पूरे माह लगातार जारी रहेगा। प्रभारी चेकपोस्ट खम्हारपाली ने सभी बस संचालकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी बसों में सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण दुरुस्त करवा लें, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545