गरियाबंद।गरियाबंद जिले के बाबा कूपी में आज छत्तीसगढ़ अहिरवार समाज की प्रबंध कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक समाज के महासभा अध्यक्ष आदरणीय सतीश चौरे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज के संगठनात्मक विकास, आगामी कार्यक्रमों एवं सामाजिक दायित्वों को लेकर कई अहम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि दिनांक 8 मार्च को समाज की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया जाएगा। आमसभा में सालाना आय–व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया जाएगा, साथ ही समाज हित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा, महिला विंग की स्थापना तथा अन्य विषयों पर समाजजनों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।
इसी क्रम में बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महासमुंद, गरियाबंद, रायपुर एवं धमतरी जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश को गौरवान्वित करने वाले होनेहार बालक-बालिकाओं, महिलाओं एवं पुरुषों का सामाजिक सम्मान किया जाएगा।
इसके लिए समाज के सभी बंधुओं से अपील की गई है कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं सहित अन्य विधाओं में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज के प्रतिभाशाली सदस्यों का नाम, पता एवं कार्यों का संक्षिप्त विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें आगामी मार्च–अप्रैल माह में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जा सके। बैठक में दिनांक 14 अप्रैल को पूर्व वर्षों की भांति भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की जयंती समाज के तत्वावधान में भव्य रूप से मनाने का निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में महासभा अध्यक्ष सतीश चौरे, सचिव सुखदेव मालेकर, कोषाध्यक्ष रमेश खरे सहित सितोष झूल्पेकर, वरिष्ठ पत्रकार पत्रकार महासमुंद टाइम्स के संपादक रवि विदानी, डमरू चौरे, रंजीत भांडेकर, चेतन तांडेकर, चोवा राम तांडेकर, नंद चौरे, संत राम मालेकर, अश्वनी चौरे, गुलाब भांडेकर, अशोक झूल्पेकर, राधेश्याम बिंझेकर, रोहित, शेखर बिंझेकर, चन्द्रहास सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष सतीश चौरे ने समाज के सभी सदस्यों से आगामी आमसभा, सम्मान समारोह एवं बाबा साहेब जयंती कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता की अपील की।


