Friday, 29 May 2026

मूकबधिर युवती की हत्या का 6 घंटे में खुलासा

शादी से मुकरने और बदनामी के डर से प्रेमी ने की वारदात

महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में हुई मूकबधिर युवती की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले का शव घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मृतिका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मौके पर एफएसएल एवं डॉग स्क्वाड की सहायता से जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को मृतिका के पिता से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में पता चला कि गांव के ही लोकनाथ पटेल (27 वर्ष) ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए थे। साथ ही यह भी सामने आया कि युवती गर्भवती थी और आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी।

संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी लोकनाथ पटेल ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि बदनामी के डर से वह शादी नहीं करना चाहता था और इसी कारण युवती को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी ने 23 मार्च की मध्य रात्रि में युवती को बहला-फुसलाकर खेत में बुलाया। वहां विवाद होने पर उसने पास पड़े पत्थर से युवती के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

6 घंटे में हत्या का खुलासा, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, गर्भवती थी मृतिका, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार, जेल भेजा गया।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!