Thursday, 28 May 2026

चंडी माता परिसर में भाजपा का झंडा फहराने पर विवाद, कार्रवाई की उठी मांग

बागबाहरा। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र चंडी माता परिसर में राजनीतिक झंडा लगाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में सामाजिक स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग भी की जा रही है। अंकित बागबाहरा ने इस पर आपत्ति जताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है और पूरे मामले को धार्मिक स्थल के दुरुपयोग से जोड़कर देखा है।

कांग्रेस पार्टी के अंकित बागबाहरा ने जारी बयान में कहा कि चंडी माता परिसर अब ट्रस्ट के अधीन है, ऐसे में परिसर में किसी भी राजनीतिक दल का झंडा फहराना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यदि यह परिसर धार्मिक और सार्वजनिक आस्था का केंद्र है, तो वहां किसी राजनीतिक गतिविधि या प्रतीक का उपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने जिलाधीश से मांग की है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों भक्तों की आस्था के केंद्र का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा जाना चाहिए, ताकि उनकी गरिमा और पवित्रता बनी रहे।

वहीं उन्होंने चंडी माता परिसर में अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग अव्यवस्था के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीड़ के दौरान यातायात और वाहन व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को असुविधा हो रही है।

अंकित बागबाहरा ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सभी माता भक्त और ट्रस्ट इस प्रकार के उपयोग से सहमत हैं? फिलहाल इस मामले में ट्रस्ट प्रबंधन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है तथा लोगों की नजर अब प्रशासन की संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!