Thursday, 28 May 2026

9 करोड़ से अधिक के सोने के आभूषण जब्त, गुजरात के तीन युवकों से पूछताछ कर मामले को आयकर को सौंप दिया गया

महासमुंद। जिले में अवैध गतिविधियों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाले अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-353 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर एक वोक्सवैगन वर्टस कार से करीब 9 करोड़ 17 लाख रुपए से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। वाहन सहित कुल जब्ती की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपए बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को उड़ीसा की ओर से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गुजरात नंबर की वोक्सवैगन कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीन व्यक्तियों ने अपना नाम जयेश अकबरी (32 वर्ष), सुनीत कारेना (22 वर्ष) एवं रूशी अग्रावत (26 वर्ष) निवासी राजकोट, गुजरात बताया। पूछताछ के दौरान पुलिस को कार की पिछली सीट में बने चेंबर पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर दो पीठू बैग और छह प्लास्टिक बॉक्स में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण मिले।

जांच में बरामद सोने के आभूषणों का कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपए आंकी गई है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस ने तीनों व्यक्तियों से सोने के आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा और उन्हें धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया है। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धारा 106 बीएनएसएस के तहत सोना एवं वाहन जब्त कर लिया गया। मामले की अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग एवं राजस्व सूचना निदेशालय को सूचना भेजी गई है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!